Haryana: रोहतक जिले के कलानौर थाना क्षेत्र में 152-डी हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब साढ़े 5 बजे खैरड़ी मोड़ के पास 152 डी पर हुआ, जहां अंबाला से नारनौल जा रही एक टाटा गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा टकराई।
हादसा गांव खैरड़ी के पास उस समय हुआ, जब नारनौल की ओर जा रही एक टाटा गाड़ी आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलते ही कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में एक मृतकों की पहचान मनोज कुमार जैन पुत्र सुभाष चंद्र जैन निवासी रामकरण दास कालोनी, नारनौल के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को वाहन से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रोहतक के शवगृह भिजवा दिया।
वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों के साथ-साथ नारनौल पुलिस को भी दे दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टाटा गाड़ी अंबाला की ओर से आ रही थी और नारनौल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान वह आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।