Himachal: हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हणोगी टनल में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. सुबह करीब पौने 8 बजे टनल के अंदर दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए.. घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर के ट्रक और हिमाचल नंबर के ट्रक के बीच भिड़ंत हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही औट पुलिस टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नगवाईं स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. यहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया.
अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया. इनमें दो की हालत नाजुक होने के कारण नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-घर में पैसा टिकाने के 6 आसान उपाय, वास्तु शास्त्र में आर्थिक समृद्धि से जुड़ी हैं ये मान्यताएं