Amarnath Yatra: एलजी मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को किया रवाना, इस साल टूट सकता है रिकॉर्ड

Amarnath Yatra 2026: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को जम्मू से श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के लिए तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को “हर हर महादेव”, “जय भोले नाथ” और “बम बम भोले” के नारों बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आनंदमय और आध्यात्मिक रूप से परिपूर्ण यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए, उपराज्यपाल ने तीर्थयात्रा को “गहन आध्यात्मिक जागृति” के रूप में वर्णित किया। उन्होंने जोर देकर कहा, “इस पवित्र मार्ग पर उठाया गया हर कदम बाबा अमरनाथ के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का प्रमाण है।”

कश्मीर घाटी में बालटाल और पहलगाम बेस कैंप, दोनों जगहों पर “बम बम भोले” का जयघोष करते हुए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई. झंडी दिखाए जाने से कुछ घंटे पहले, CRPF की 137वीं बटालियन के जवानों ने K9 यूनिट के साथ मिलकर उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे की जांच-पड़ताल की, ताकि यात्रा के लिए तैयारी और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

बता दें कि श्रद्धालु प्राकृतिक रूप से बने बर्फ के शिवलिंग के दर्शन और पूजा करने के लिए यह यात्रा करते हैं, जो भगवान शिव का प्रतीक है. इस साल 57 दिनों की यह यात्रा 3 जुलाई को अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम रूट और गांदरबल जिले के छोटे लेकिन अधिक चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल रूट से एक साथ शुरू होगी. यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार के दिन समाप्त होगी. इस बीच फिजां में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई देगी.

इसे भी पढ़ें:-Google पर लगी 4.1 लाख करोड़ रुपये की पेनाल्टी, यूरोपीय कोर्ट का बड़ा फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *