Jammu and Kashmir: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम जंम्मू कश्मीर पहुंची हैं। जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों के साथ मिलकर अनंतनाग में छापेमारी चल रही है। बता दें कि जिले में दो स्थानों पर छापेमारी की है।
जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान मोबाइल फोन समेत कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं और उनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी। एनआईए पिछले कुछ सालों से जम्मू में आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की लगातार जांच कर रही है और जम्मू-कश्मीर में टेरर-इकोसिस्टम को खत्म करने की कोशिशों के तहत कश्मीर घाटी में भी ऐसे कई ऑपरेशन चला चुकी है।
गुरुवार को कठुआ में चलाया गया तलाशी अभियान
कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने गुरुवार को तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी अभियान बिलावर के जंगलों में उधमपुर-कठुआ सीमा के पास स्थित वन क्षेत्र में शुरू किया गया। बता दे कि बुधवार देर रात बिलावर क्षेत्र के एक गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर एक घर का दरवाजा खटखटाया। परिवार ने दरवाजा नहीं खोला, लेकिन अगले दिन उन्हें पता चला कि घर में रखा खाना गायब था। इससे उन्हें संदेह हुआ कि कोई व्यक्ति घर के अंदर घुसा था।
पुलिस अधिकारी का बयान
कठुआ के पुलिस अधीक्षक प्रीतपाल सिंह ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बनाए रखने के लिए इस तरह के नियमित तलाशी अभियान चलाए जाते हैं। सिंह ने कहा कि सतर्कता बनाए रखने के लिए इस तरह के नियमित अभियान चलाए जाते हैं। जहां तक संदिग्ध गतिविधि की सूचना का सवाल है, यह सीमावर्ती इलाका है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम यह तलाशी अभियान चला रहे हैं।