Jharkhand: झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन में रविवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पारसनाथ शिखरजी के दर्शन कर टाटानगर रेलवे स्टेशन लौट रहे जैन श्रद्धालुओं से भरी बस अचानक बेकाबू होकर पेड़ से टकराई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी दंपति की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हुए।
जानकारी के मुताबिक, सूरत से करीब 50 जैन श्रद्धालु पारसनाथ पर्वत पर दर्शन के लिए आए थे। दर्शन पूरा करने के बाद सभी बस से टाटानगर रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हुए। मधुबन से करीब एक किलोमीटर दूर कल्याण निकेतन के पास अचानक बस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मृतकों की पहचान सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन (56) और उनकी पत्नी बादामी देवी (49) के रूप में हुई है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जा सकता है।