Rajasthan: जयपुर से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, यह हादसा शुक्रवार की देर रात जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बगरू में हुआ, पुलिया से उतरते समय बस स्टैंड के पास एक ट्रेलर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बस को टक्कर मार दी, इस दुर्घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं दो दर्जन से अधिक घायल हो गए, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया, कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सांवरिया सेठ मंदिर जा रहे थे हादसे के शिकार हुए लोग
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार देर रात करीब 1:50 बजे बगरू पुलिया से उतरते ही बस स्टैंड के पास हुआ, ट्रैवलर बस में महाराष्ट्र के नासिक जिले के श्रद्धालु सवार थे, ये सभी खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर जा रहे थे, इसी दौरान बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई, शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा ओवरटेकिंग के दौरान हुआ, हालांकि, पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे में जान गंवाने वाले तीन श्रद्धालुओं की पहचान संदीप सिंह, दीपक सिंह और महेंद्र सिंह के रूप में हुई है, दुर्घटना की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू कराया, 25 घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, सात गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया है, अन्य घायलों का बगरू के उप जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, ट्रैवलर बस में कुल 29 यात्री सवार थे, जिनमें 24 वयस्क और 5 बच्चे शामिल थे।