UP News: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित होंगी. नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराने के दावे के साथ उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है. बोर्ड के अनुसार परीक्षा अवधि के चार दिनों में विशेष रूप से अत्यधिक सतर्कता बरती जाएगी.
बोर्ड सचिव ने सूची इन अधिकारियों को भेजी
UP Board Exam 2026 मामले में यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने संवेदनशील जिलों, विषयों और परीक्षा की पालियों की सूची/समय सारिणी मंडलायुक्तों, डीएम, पुलिस आयुक्त/एसएसपी/एसपी, क्षेत्रीय कार्यालयों के अपर सचिवों, मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों एवं जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजी है.
UP Board में ये जिले संवेदनशील घोषित
संवेदनशील जिलों के परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त उड़न दस्ते तैनात किए जाएंगे, सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी होगी और केंद्र व्यवस्थापकों की जवाबदेही तय की जाएगी. स्थानीय प्रशासन को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं और नकल माफिया व अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. संवेदनशील घोषित जिलों में आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा शामिल हैं, जहां कुछ विषयों और तिथियों को अधिक संवेदनशील मानते हुए कड़े प्रशासनिक इंतजाम किए जा रहे हैं.
ये विषय माने गए संवेदनशील
- 18 फरवरी 2026: प्रथम पाली में हाई स्कूल हिंदी, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिंदी सामान्य
- 19 फरवरी 2026: द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र की परीक्षा है.
- 20 फरवरी 2026: प्रथम पाली में हाई स्कूल सामाजिक विज्ञान, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी.
- 21 फरवरी 2026: प्रथम पाली में हाई स्कूल गृह विज्ञान, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट इतिहास.
- 23 फरवरी 2026: प्रथम पाली में हाई स्कूल अंग्रेजी, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान और गणित.
- 24 फरवरी 2026 : द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी.
- 25 फरवरी 2026: प्रथम पाली में हाई स्कूल विज्ञान की परीक्षा होगी, जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र की परीक्षा होगी.
- 26 फरवरी 2026: द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट भूगोल की परीक्षा होगी.
- 27 फरवरी 2026 : प्रथम पाली में हाई स्कूल गणित और द्वितीय पाली में भौतिक विज्ञान की परीक्षा होगी.
52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थी पंजीकृत
यूपी बोर्ड की 2026 की परीक्षा में कुल 52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 27 लाख 50 हजार 945 और इंटरमीडिएट के 24 लाख 79 हजार 352 परीक्षार्थी शामिल हैं.
नकलविहीन परीक्षा पर बोर्ड का फोकस
यूपी बोर्ड का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षाएं पूरी तरह नकलमुक्त वातावरण में हों. इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर सख्त अनुशासन, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था पर बल दिया गया है. बोर्ड का मानना है कि सख्त निगरानी से परीक्षा की विश्वसनीयता बनी रहेगी और छात्रों का मनोबल भी बढ़ेगा.
इसे भी पढ़ें:-संत महात्मा समय-समय पर धरा पर लेते है अवतार: पंकज जी महाराज