UP News: मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया. नगला देविया मोड़ पर तेज रफ्तार फ्रॉन्क्स कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई, जिससे कार सवार चार युवकों की डूबने से मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला, जबकि ग्रामीणों ने पहले ही युवकों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थीं.
नहर में गिरते ही पानी में डूब गई कार
जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद गोवर्धन ड्रेन (नहर) में गिर गई. ड्रेन में पानी अधिक था. पूरी कार पानी में डूब गई. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर कार सवारों को बचाने के लिए ड्रेन में छलांग लगा दी. करीब पौना घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उनको बाहर निकाला, लेकिन तब तक चारों की मृत्यु हो चुकी थी. इसके बाद ट्रैक्टर की मदद से रस्सी डालकर कार को ड्रेन से बाहर निकाला गया. कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने देर रात मृतकों के परिजनों से संपर्क किया और हादसे की सूचना दी.
युवक की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी
पुलिस अधीक्षक देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सभी युवक गोवर्धन होते हुए डीग में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे. मृतकों में राहुल (23) मोहित (21) और अमित (23) शामिल हैं. प्रारंभिक जांच के अनुसार मोड़ पर सामने से आए वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हुई. वाहन पहले डिवाइडर टकराया और फिर नहर में पलट गया. चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. एक युवक की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और मामले की विधिक जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-दिल्लीवासियों को सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा तोहफा, 2100 करोड़ की कई परियोजनाओं की हुई शुरुआत