सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं, कहा- बेफिक्र होकर देशसेवा करें सैनिक

UP News: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सीएम आवास पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं. परेशानी को समझा और उन्हें आश्वासन दिया कि घबराइए मत, हर शिकायत पर कार्रवाई होगी. भरोसा दिया कि हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराया जाएगा. इस दौरान मौजूद अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या का समय से निस्तारण कराएं.

सीएम ने सैनिकों की सुनी समस्याएं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ में कई जनपदों से आये सैनिकों की समस्याएं सुनी और कहा कि आप बेफिक्र होकर देशसेवा कीजिए. आपके परिवार समेत प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा, सहूलियत, सुरक्षा और सम्मान सरकार के जिम्मे है. सरकार इसे लेकर पहले दिन से गंभीर है.’ मुख्यमंत्री ने सैनिकों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि निश्चिंत होकर घर जाइए. सरकार हर समस्या का उचित निराकरण कराएगी. 

विभिन्न समस्याओं पर हुई सुनवाई

जनता दर्शन में पुलिस से संबंधित शिकायतें, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता और स्थानांतरण से जुड़े मामले भी सामने आए. मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी प्रार्थना पत्रों को देखा और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप कार्रवाई की कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए.

आर्थिक सहायता के मामलों में संवेदनशील रुख

कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे. इलाज के लिए आर्थिक सहायता के मामले पर सीएम ने मरीज के परिजनों से कहा कि आर्थिक सहायता के लिए आवेदन करते हुए अस्पताल से एस्टिमेट बनवा लीजिए. सरकार हर तबके की मदद के लिए तत्पर है. आप मरीज की देखभाल कीजिए, इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दीजिए, सरकार पूरी मदद करेगी. धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा.

इसे भी पढ़ें:-एंबुलेंस और ट्रक की भीषण टक्कर में मरीज समेत 7 की मौत, 2 घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *