UP News: ग्रेटर नोएडा की बिसरख थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जंगली जानवरों के दांतों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी के दौरान दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 1.45 किलो (1450 ग्राम) वजन का हाथी दांत बरामद हुआ है.
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गौर सिटी-2 स्थित न्यू हैबतपुर एक खाली प्लॉट के आसपास सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर दी. इस छापेमारी के दौरान मौके पर पहुंचे दोनों आरोपियों को जब पुलिस और वन विभाग की मौजूदगी का अहसास हुआ, तो वे हक्के-बक्के रह गए. उन्होंने मौके से भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन टीम की मजबूत और रणनीतिक घेराबंदी के कारण वे वहां से भाग नहीं सके और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्कर यह बेशकीमती हाथी दांत कहां से लेकर आए थे और इसे किस व्यक्ति को सप्लाई किया जाना था. इसके साथ ही इस अवैध धंधे में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों और पकड़े गए आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:-खेल को बढ़ावा देने के लिए सीएम योगी ने खिलाड़ियों को लिखा पत्र, अभिभावकों से की अपील