UP News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बिना दस्तावेजों के नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहे 36 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 31,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए है. अधिकारियों के अनुसार, उस व्यक्ति ने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया और दावा किया कि वह अमेरिका के कैलिफोर्निया का रहने वाला है.
ब्राउन को सोनौली पुलिस स्टेशन के मैनिहवा इलाके में बाउंड्री पिलर नंबर 516 के पास गश्त के दौरान गिरफ्तार किया गया था, जब एसएसबी की 22वीं बटालियन ने उसे रोका. आरोपी ने कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सीमा बलों ने उसे पकड़ लिया. महराजगंज के ASP सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तारी के समय उसके पास कोई वैध यात्रा या पहचान संबंधी कागजात नहीं थे.
पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. शख्स ने खुद को पूर्व अमेरिकी नौसैनिक बताया है. जांच में पता चला कि भारत में वह पिछले 7 महीनों से रह रहा था. उसने ये भी दावा किया है कि अब तक 70 देशों की यात्रा कर चुका है. वह बाली से भारत आया था. वह 6 साल तक अमेरिकी नौसेना और स्पेशल फोर्सेस में तैनात था. दो साल पहले ही उसने सैन्य सेवा छोड़ी है.
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया था. उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह अमेरिकी नौसेना का पूर्व अधिकारी था. एएसपी ने बताया, ‘वह बाद में समुद्री मार्ग से श्रीलंका पहुंचा और वहां से 2 नवंबर, 2025 को समुद्र मार्ग से भारत आया. तब से वह गोवा में रह रहा था.’ सशस्त्र सीमा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे यूपी के सौनौली पुलिस थाने को सौंप दिया.
इसे भी पढ़ें:-मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में फोटो खींचने और वीडियो बनाने पर लगा प्रतिबंध