Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने में बीकापुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अयोध्या को 432 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या आज विकास और समृद्धि के वैभव की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अगर मंशा साफ हो तो विकास अपने आप होता है। आज अयोध्या में दिख रहा है कि जब प्रभु श्रीराम की कृपा और हनुमान जी का आशीर्वाद हो तो अयोध्या के सारे काम अपने आप ही होते हैं।
सीएम योगी ने बताया कि आज अयोध्या हवाईअड्डे के माध्यम से पूरे देश और दुनिया से जुड़ चुकी है। अयोध्या की पहचान बदल गई है। पहले सरयू का जल दूषित रहता था पर कोई सफाई नहीं होती थी। डबल इंजन सरकार में अयोध्या का विकास हो रहा है। डबल इंजन की सरकारों ने बिना थके बिना रुके काम किया जिससे नगर की पहचान बदली। डबल इंजन की सरकारों ने अयोध्या में वो करके दिखाया है जो कि 500 साल में नहीं हो सका। अब अयोध्या विकास और विरासत के पथ पर आगे बढ़ रही है।