गोंडा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी के दौरान 1.13 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त

Uttar Pradesh: यूपी के गोंडा में शहर के बड़गांव इलाके में नशीली और नारकोटिक्स दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। औषधि विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारकर 107 बोरियों में रखी नारकोटिक्स और एलोपैथिक की दवाएं पकड़ीं। इन दवाओं की कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये है। टीम ने 19 दवाओं के नमूने लिए हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी शिवम कसौधन को गिरफ्तार किया है। उसके भाई अमन कसौधन की भी मामले में भूमिका सामने आई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।

एफएसडीए की टीम ने पिछले 16,17 व 18 जुलाई को गोंडा के बरियार पुरवा सोनार गली, बड़गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित की जा रही अमन फार्मास्युटिकल्स व उससे संबंधित दवाइयों के तीन अवैध गोदामों का राजफाश किया है। एफएसडीए की टीम को मौके पर अमन फार्मास्युटिकल्स नाम की कोई फर्म नहीं मिली।

एफएसडीए की टीम ने जब फर्म के संचालक अमन कसौधन से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि कागजों पर दिए गए पते पर उनकी फर्म नहीं है। आरोपित ने यह भी स्वीकार किया उसके पास औषधि संबंधी कोई लाइसेंस नहीं है।

एफएसडीए की टीम ने जब गोदामों की जांच की तो पता चला कि औषधियों के वैधानिक क्रय-विक्रय अभिलेख, खरीद बिल अथवा स्टाक रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं है। तीन दिनों तक चली इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, टैबलेट, इंजेक्शन व सीरप बरामद किया गया है।

इन दवाइयों को जब्त कर लिया गया। इनकी कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं इस दौरान 19 औषधियों के नमूने राजकीय प्रयोगशाला को जांच के लिए भेजे गए हैं। एफएसडीए की शिकायत पर थाना कोतवाली नगर में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *