Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान आज सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आए लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार सबकी समस्या का समाधान करेगी। बता दे कि गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अनुरोध लेकर आए लोगों को उन्होंने आश्वस्त किया और कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
सैकड़ों लोगों की सुनीं समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में सीएम योगी ने करीब सैकड़ों लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए शीघ्रता से समस्या समाधान के लिए निर्देशित किया। साथ ही चेताया कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी शीघ्रता से सहायता की जानी चाहिए। उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पारिवारिक विवाद के समाधान के लिए पहले संवाद और फिर विधिक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। सीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से किया जाए। हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक होना चाहिए।
‘पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा’
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से सीएम योगी ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। इलाज के लिए किसी जरूरतमंद को परेशान न होना पड़े, इसके लिए उन्होंने सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के भी निर्देश दिए।