Weather in up: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 से 23 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. खासकर 20 और 21 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदेश के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं.
सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई. सोनभद्र में 147.2 मिमी, बरेली में 141 मिमी और प्रयागराज में 126 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा रायबरेली, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में भी अच्छी बारिश हुई. लखनऊ और दिल्ली से सटे जिलों में भी बारिश देखने को मिली.
आज इन जिलों में है भारी बारिश की चेतावनी
चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर व आस पास के क्षेत्र.
12 जिलों के 166 गांव बाढ़ की चपेट में, 64 हजार से अधिक आबादी प्रभावित
शारदा और घाघरा नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के चलते प्रदेश के 12 जिलों के 166 गांव बाढ़ से घिर गए हैं. करीब 64,402 लोग बाढ़ के पानी से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं. स्थिति से निपटने के लिए राहत आयुक्त कार्यालय ने 86 टीमें तैनात की हैं, जिनमें एनडीआरएफ की 18, एसडीआरएफ की 16 और पीएसी की 52 टीमें शामिल हैं.
प्रभावित इलाकों में निगरानी के लिए 1586 बाढ़ चौकियां और 1263 शरणालय स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 40 शरणालय वर्तमान में सक्रिय रूप से संचालित हो रहे हैं. इसके साथ ही 5849 सामान्य नाव, 1101 मोटरबोट, 69 मेडिकल टीमें और 51 एंबुलेंस तैनात की गई हैं.
इसे भी पढ़ें:-सावन का तीसरा मंगला गौरी व्रत आज, जानिए पूजा-विधि और भोग लगाने का सही तरीका