Kolkata: कोलकाता में फूड सेफ्टी को लेकर एक बड़ी कार्रवाई की गई है. जिसमें करीब 40 रेस्टोरेंट में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और अन्य खाद्य सुरक्षा नियमों से जुड़े उल्लंघन सामने आए. कार्रवाई की जद में नाजिम्स, करीम्स, शिमला बिरयानी और अरसलान के एक आउटलेट जैसे कई चर्चित नाम भी शामिल हैं. जिनके पास रिटेल लाइसेंस तो था, लेकिन जरूरी मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नहीं था. यानी वे खाद्य सामग्री बेचने के लिए अधिकृत थे, लेकिन उसके निर्माण से जुड़े जरूरी लाइसेंस उनके पास नहीं थे.
राज्य के स्पेशल फूड सेफ्टी वीक के शुरुआती दो दिनों में ही अधिकारियों ने 1,730 फूड बिजनेस ऑपरेटरों का निरीक्षण किया. इनमें से 1,525 प्रतिष्ठानों में बड़ी अनियमितताएं सामने आईं, जबकि 1,517 मामलों में सुधारात्मक कार्रवाई की सलाह दी गई. अधिकारियों ने लैब जांच के लिए 901 खाद्य नमूने भी एकत्र किए. अभियान के शुरुआती चरण में 11 प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई गई, जबकि पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित या रद्द किए गए. इसके अलावा 13 परिसरों को बंद या सील किया गया.
इसे भी पढ़ें:-100 साल बाद कैसी होगी पृथ्वी? सामने आया डराने वाला सच