आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं और महिलाओं को साधने के लिए अभियान चलाएगी भाजपा

लखनऊ। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं और महिलाओं को साधने के लिए अभियान चलाएगी। इसमें किसानों पर भी फोकस होगा। सीएम आवास पर शनिवार की रात हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर मंथन किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफार्म पर चुनाव प्रचार, विपक्ष पर हमले सहित अन्य गतिविधियों के लिए तैयार योजना पर चर्चा की गई। बैठक में मिशन युवा और मिशन शक्ति अभियान में संगठन की भागीदारी पर भी चर्चा हुई। 7 और 8 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रस्तावित लखनऊ प्रवास के दौरान होने वाले कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया गया। बूथ कमेटी के सत्यापन, मंडल सम्मेलन, पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के साथ वैक्सीनेशन कार्यक्रम को भी तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर बात हुई। प्रदेश में 16 से 18 अगस्त तक नवनियुक्त 6 केंद्रीय मंत्रियों की जन आशीर्वाद यात्राओं के जरिये चुनावी माहौल सजाने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर भी चर्चा हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *