हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने सीटेट को एचटेट और एसटेट के समान दी मान्यता

हरियाणा। हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने एचटेट-एसटेट पास डेढ़ लाख पात्र शिक्षकों को बड़ा झटका दिया है। अब प्रदेश में सीटेट (केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा) पास युवा भी जेबीटी, पीआरटी व टीजीटी नियुक्त हो सकेंगे। विभाग ने सीटेट को एचटेट (हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा) और एसटेट (राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा) के समान मान्यता दे दी है। इससे शिक्षा विभाग की भर्तियों में प्रदेश के युवाओं के लिए प्रतिस्पर्धा और बढ़ जाएगी। विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महावीर सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया। बीते छह सितंबर को ही यह निर्णय ले लिया था, जिसे 29 सितंबर से लागू माना जाएगा। अब तक सीटेट पास युवा प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक और टीजीटी पदों की भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर सकते थे। विभाग के ताजा फैसले के बाद इनके लिए भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का रास्ता खुल गया है। इससे प्रदेश के एचटेट-एसटेट पास पात्र अध्यापकों के लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी। चूंकि, प्रदेश सरकार पहले ही जेबीटी भर्ती से किनारा कर चुकी है। जेबीटी, पीआरटी के पद स्कूलों में सरप्लस हैं। इसलिए लंबे समय तक दोनों श्रेणी के पदों पर सरकारी भर्ती संभव नहीं है। टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) के पद भी बड़ी संख्या में खाली नहीं है। जो पद खाली हैं, उन पर बड़ी भर्ती फिलहाल नहीं होने वाली है। अगर सरकार भर्ती निकालती है तो सीटेट पास हजारों युवाओं के उसमें शामिल होने से प्रदेश के पात्र शिक्षकों के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। जिससे प्रदेश के अधिक युवा नौकरी पाने से वंचित रहे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *