कप्तान सुनील छेत्री ने मालदीव को हराकर रचा इतिहास…

नई दिल्ली। भारतीय फुटबॉल टीम ने कप्तान सुनील छेत्री के दो गोल की मदद से मालदीव को हराकर सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मालदीव के राष्ट्रीय फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने मेजबान देश को 3-1 से हराया। मैच के दौरान दो गोल करने के साथ ही सुनील छेत्री ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारतीय कप्तान छेत्री ने ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले के सर्वाधिक गोल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पेले ने 77 अंतर्राष्ट्रीय गोल किए हैं, जबकि छेत्री के नाम पर अब 79 गोल हो गए हैं। छेत्री ने मालदीव के खिलाफ 62वें मिनट में गोल करते ही पेले के रिकॉर्ड को तोड़ दिए। इसके बाद छेत्री ने 71वें मिनट में एक और गोल किया और सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में सर्वाधिक गोल करने के मामले में दुनिया तीसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे आगे अब सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो (115) और लिओनेल मेसी (80) ही हैं। इतना ही नहीं भारतीय कप्तान छेत्री सर्वाधिक गोल के मामले में संयुक्त रूप से दुनिया के छठे खिलाड़ी बन गए हैं। मैच की बात करें तो भारत के लिए पहला गोल मानवीर सिंह ने 33वें मिनट में गोल किया। जबकि सुनील छेत्री ने दूसरे हाफ में भारत को तीन अंक दिलाए। मालदीव के लिए इकलौता गोल अली अशफाक ने 45वें मिनट में किया। फाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को हर हाल में ये मैच जीतना था जिसमें वह सफल रही और फाइनल में पहुंच गई। भारतीय टीम 12वीं बार फाइनल में पहुंची है। खिताबी मुकाबले में अब भारतीय टीम का सामना 16 अक्तूबर को नेपाल से होगा। नेपाल ने एक अन्य मैच में बांग्लादेश के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला है। भारत पांच टीमों की लिस्ट में आठ अंक लेकर फाइनल में पहुंची तो वहीं नेपाल सात अंक लेकर आई है। भारत ने लीग दौर में नेपाल को 1-0 से हराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *