दिल्ली-एनसीआर में आज साफ रहेगा मौसम…

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में रविवार की देर शाम को मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। इससे जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी हुई वहीं ठंडक का एहसास भी बढ़ गया। अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। हालांकि, रात के पारे में कमी आने की वजह से रातें हल्की सर्द होना शुरू हो जाएंगी। मौसम विभाग ने एक दिन पहले रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। हालांकि शाम तक मौसम में हलचल नहीं दिखी और कड़ी धूप बनी रही। शाम पांच बजे के बाद मौसम ने करवट ली और दिन में ही अंधेरा छा गया। दिल्ली के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज हुई। शाम छह बजे शुरू हुआ तेज बारिश का दौर एक घंटे से भी अधिक तक चलता रहा और रात तक रूक-रूककर हल्की बारिश होती रही। इससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 19 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 47 से 91 फीसदी रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 0.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में दिल्ली का मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इस सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह से मौसम करवट लेना शुरू कर देगा और रात में हल्की ठंड का अहसास बढ़ने लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *