आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सीएम ने दी सौगात

उत्तराखंड। प्रदेश सरकार ने 33 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बीमा के साथ खाद्यान्न की सौगात दी है। सनातन धर्म इंटर कॉलेज रेसकोर्स में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित अपने आभार समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दो लाख की वार्षिक दुर्घटना बीमा पॉलिसी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा जिन लोगों पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू नहीं होता है, उन्हें दिसंबर 2021 से मार्च 2022 तक हर महीने 20 किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय डिजिटल तरीके से सीधे उनके खाते मे दिया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 25 फीसदी पद ऐसी आंगनबाड़ी सहायिकाओं से भरे जाएंगे, जिनकी विभाग में 10 साल की संतोषजनक सेवा पूरी हो चुकी है और जो इसके लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता पूरी करती हो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेनेटरी नैपकिन के लिए जो एक रुपये का भुगतान करना पड़ता था उसे भी निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण में मातृशक्ति की बड़ी भूमिका है, महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की ओर से कई कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर उनके ऋण को चुकाने का प्रयास किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विपरीत परिस्थितियों में किस तरह से कार्य करती हैं, वह सब बखूबी जानते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके दोनों बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा भी आंगनबाड़ी केंद्र में ही हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोरोना काल के बाद सरकार के पास आय के संसाधनों में कमी आई है, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने मानदेय बढ़ाने में कंजूसी नहीं की। सरकार ने आजीविका से जुड़ी प्रदेश की महिलाओं को मजबूत करने के लिए 119 करोड़ रुपये का कोविड राहत पैकेज जारी किया। इसके अलावा सरकार ने आशा, उपनल समेत तमाम विभागों में कार्यरत कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *