Delhi: दिल्ली में हो रही वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टरों की नकेल कसने की तैयारी कर ली है. कई मामलों की जांच में खुलासा हुआ है कि तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टरों के इशारे पर हत्या, रंगदारी, फायरिंग और गैंगवार जैसे मामलों की साजिश रची जा रही है.
हाल में रोहिणी में जितेंद्र उर्फ गोगी गैंग के बदमाश साहिल की हत्या हुई. मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो नाबालिगों को पकड़ा. जांच में पता चला कि दोनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए प्रभावित होकर टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़े और जेल में बंद टिल्लू गैंग के गैंगस्टरों ने उन्हें पैसे और संरक्षण का वादा कर उनसे वारदात को अंजाम दिलवाया.
पुलिस और जेल प्रशासन ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान शुरू किया है. जेल परिसर में औचक तलाशी अभियान चलाकर कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद की गईं है. अधिकारियों का दावा है कि सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई गई है.
जेल में बंद गैंगस्टरों और बाहर मौजूद उनके गुर्गों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए पहल की जा रही है, गैंगस्टरों से मिलने और उनके संपर्क में रहने वालों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, साथ ही जेल परिसर में भी नियमों को सख्त कर इनपर नकेल कसी जा रही है.