यूपी में चलेंगी होली स्पेशल बसें, कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

UP News: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम यानी UPSRTC ने होली त्यौहार के मद्देनजर विशेष व्यवस्था लागू कर दी है. परिवहन निगम ने त्योहार के दौरान बढ़ने वाली मुसाफिरों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली रूट पर संचालित 55 बसों को आज से तीन-तीन फेरे करने के निर्देश जारी किए गए हैं. होली पर्व पर लोग बड़ी संख्या में अपने घरों को लौटते हैं, जिससे बसों में अत्यधिक दबाव बढ़ जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त फेरे लगाने का निर्णय लिया गया है. इससे यात्रियों को राहत मिलेगी और समय से गंतव्य तक पहुंचना आसान होगा.

दिल्ली के साथ लोकल रूट पर भी बढ़ाए गए बसों के फेरे

UPSRTC अधिकारियों का साफ कहना है कि किसी भी रूट पर बसों की कमी नहीं रहने दी जाएगी. यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य प्रमुख मार्गों पर भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. इसके साथ ही बस स्टैंड पर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं. वहीं कर्मचारियों की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई हैं, जो चौबीस घंटे तैनात रहकर बसों की निगरानी और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करेंगे.

बस स्टैंड पर चौबीस निगम के अधिकारी व कर्मचारी रखेंगे नजर

होली के मद्देनजर चालकों और परिचालकों सहित अन्य कर्मचारियों की नौ मार्च तक छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं. बिना अनुमति कोई भी कर्मचारी अवकाश पर नहीं जा सकेगा. वरिष्ठ अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

एआरएम ने क्या कहा?

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) नरेश चंद्र गुप्ता के मुताबिक, “होली के त्योहार पर लोग अपने कार्य क्षेत्रों से अपने घरों को लौटते हैं, उनको बसों की उपलब्धता कराना निगम की जिम्मेदारी है. साथ ही सुगम यात्रा के लिए बसों की संख्या बढ़ाने के साथ ही रविवार से तीन-तीन फेरे करने शुरू कर दिए हैं. इसका मकसद त्योहार के मौके पर सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन

डिपो और क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी लगातार 10 दिन ड्यूटी करने पर 2,100 रुपये और नौ दिन की ड्यूटी पर 1,800 रुपये एकमुश्त प्रदान किए जाएंगे. प्रोत्साहन अवधि में बढ़िया काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को क्षेत्रीय समिति की अनुशंसा पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. साथ ही, प्रति बस सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों व सेवा प्रबंधकों तथा 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें:-तिहाड़ जेल के नियम और भी होंगे सख्त, गैगस्टरों पर नकेल कसने की तैयारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *