शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति लाने की तैयारी कर रहा है दक्षिणी दिल्ली नगर निगम

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति लाने की तैयारी कर रहा है। निगम अपने हर एक वार्ड में एक अंग्रेजी माध्यम का विद्यालय खोलने जा रहा है। जल्द ही इस तरह के 12 नए विद्यालयों का उद्घाटन किया जाएगा। सोमवार को महापौर मुकेश सुर्यान और शिक्षा समिति की अध्यक्ष नीतिका शर्मा ने सिविक सेंटर में पत्रकारों को यह जानकारी दी। महापौर ने कहा कि दक्षिणी निगम शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति लाया है, जबकि दिल्ली सरकार द्वारा निगम को दिए जाने वाले शिक्षा के बजट में 24 से 26 फीसदी कटौती की गई है। फिर भी निगम विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार हुआ है। निगम विद्यालयों में बच्चों के दाखिले में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और 93 हजार से ज्यादा दाखिले हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्राइवेट स्कूलों के मुकाबले निगमों के विद्यालयों में ज्यादा दाखिले हुए हैं, जिसका कारण निगम विद्यालयों में प्रदान की जा रही है उच्च शिक्षा व प्राइवेट स्कूलों की बढ़ती फीस है। महापौर ने बताया कि दक्षिणी निगम शिक्षा से संबंधित सुविधाओं में लगातार विस्तार कर रहा है। हर वार्ड में नया अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोलना उनमें से एक है। जल्द ही 12 नए विद्यालयों का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने 500 नए स्कूल खोलने का वादा किया था लेकिन खोले नहीं, बल्कि 16 बंद हो गए। दिल्ली सरकार के 745 विद्यालयों में प्रधानाचार्य नहीं हैं और 418 में उपप्रधानाचार्य नहीं हैं। दिल्ली सरकार के विद्यालयों में 15 हजार टीजीटी अध्यापकों के पद खाली हैं व 700 स्कूलों में विज्ञान की पढ़ाई नहीं कराई जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *