हर दस में तीन व्यक्ति को हाइपरटेंशन की बीमारी

लखनऊ। हाईपरटेंशन यानी उच्च रक्तचाप या हाई ब्लड प्रेशर वह स्थिति हैं जिसमें धमनियों में रक्त का दबाव बढ़ जाता है, दबाव की इस वृद्धि के कारण, रक्त की धमनियों में रक्त का प्रवाह बनाये रखने के लिए हृदय को सामान्य से अधिक काम करने की आवश्यकता पड़ती हैं। उच्च रक्तचाप में ब्लड प्रेशर बहुत अधिक होता है। उच्च रक्तचाप यह गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं का कारण बन सकता है और हृदय रोग, स्ट्रोक और कभी-कभी मृत्यु के जोखिम को बढ़ा सकता है।

 विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार उच्च रक्तचाप या हाई ब्लड प्रेशर एक गम्भीर चिकित्सा स्थिति है जो हृदय, मस्तिष्क, गुर्दे और अन्य बीमारियों के जोखिम को बढ़ा देती है। उच्च रक्तचाप को कम करने से दिल का दौरा, स्ट्रोक और गुर्दे की क्षति के साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव होता है। इसके लिए कुछ महत्वपूर्ण बातों पर ध्यान देने की आवश्यकता है जैसे- नमक का सेवन कम करना (प्रतिदिन पांच ग्राम से कम), अधिक फल और ताजी हरी, अंकुरित सब्जियां खाना, तला- भुना, पापड़, अचार, चाट-मसाला खाने पर लगाम लगाना। नियमित व्यायाम, टहलना, पैदल चलना, साइकिल चलाना, एरोबिक, तैराकी जैसे हल्के-फुल्के शारीरिक व्यायाम करना, वजन संतुलित रखना, सभी तरह के नशे से दूरी, पौष्टिक खाद्य लेना एवं संतृप्त वसा में उच्च खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करना, अब तो आधुनिक जीवन शैली से दूरी बनाना भी बहुत जरूरी हो गया है।

उच्च रक्तचाप की समस्या होने पर चिकित्सक से इलाज करना, उनके दिये गये दिशा- निर्देशों का कड़ाई से पालन करना, तनाव को कम करना, खुशनुमा माहौल बनाये रखना, सकारात्मक सोच-विचार, खुद पर गुस्सा हावी न होने देना, विचार शक्ति बढ़ाना, शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए योग करना। सबसे जरूरी है खान-पान पर उचित नियंत्रण रखना क्योंकि थोड़े से चटोरी जुबान के स्वाद के चक्कर में अपने पूरे शरीर को खराब कर तड़पा-तड़पा कर मारना और महंगी बीमारियों का शिकार होना कहां की समझदारी है।

आज भागमभाग के वातावरण में सभी लोग खुद को व्यस्त बनाये हुए है। खाद्य मिलावट, प्रदूषण, शोर, असंस्कृत व्यवहार, यांत्रिक संसाधनोंका अत्यधिक उपभोग के कारण जीवन उलझन भरा हो गया है। बीमारी मुक्त जीवन जीने के लिए जिन्दादिली प्रत्येक मनुष्य को सीखनी चाहिए।

दुनिया भर में  30-79 वर्ष की आयु के अनुमानित 1.28 अरब वयस्कों को उच्च रक्तचाप है, जिनमें से अधिकांश (दो-तिहाई) निम्न और मध्यम आय वाले देशों में रहते हैं। उच्च रक्तचाप से ग्रस्त अनुमानित 46 फीसदी वयस्क स्थिति से अनजान है। उच्च रक्तचाप वाले आधे से भी कम वयस्कों (42 प्रतिशत) का निदान और उपचार किया जाता है। उच्च रक्तचाप से ग्रस्त पांच में से लगभग एक वयस्क (21 प्रतिशत) में यह नियंत्रण में होता है।

उच्च रक्तचाप दुनियाभर में अकाल मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। हर दस में से तीन भारतीय हाई ब्लडप्रेशर से पीड़ित हैं। हाइपरटेंशन मौत और विकलांगता का चौथा सबसे बड़ा रिस्क फैक्टर भी है। भारत में लगभग 20 करोड़ वयस्कों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है। उच्च रक्तचाप के साथ रहने वाले वयस्कों (30-79 वर्ष) का प्रतिशत 1990 में 25.52 से बढ़कर 2019 में पुरुषों में 3059 फीसदी और महिलाओं में 26.53 से 29.54 फीसदी हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *