Lekhpal Exam Date 2026: उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. लंबे समय से जिस एग्जाम डेट का इंतजार किया जा रहा था, वह अब घोषित कर दी गई है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल मेंस परीक्षा की तारीख जारी कर दी है. आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है. इस घोषणा के साथ ही उम्मीदवारों को परीक्षा की तैयारी के लिए स्पष्ट समय मिल गया है. जो अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा हैं, उन्हें अब तय समय के अनुसार अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना होगा.
इस दिन होगी लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा
उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 7996 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को आयोजित की जाएगी. आयोग ने बताया है कि परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी यानी उम्मीदवारों को दो घंटे का समय दिया जाएगा. परीक्षा की तारीख घोषित होने के बाद अब उम्मीदवार अपनी तैयारी को और बेहतर बनाने में जुट गए हैं.
पीईटी स्कोर के आधार पर हुआ उम्मीदवारों का चयन
मुख्य परीक्षा के लिए जिन 3.66 लाख अभ्यर्थियों को चुना गया है, उनका चयन प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET के अंकों के आधार पर किया गया है. PET परीक्षा के बाद से ही उम्मीदवार मुख्य परीक्षा की तारीख का इंतजार कर रहे थे. अब तारीख घोषित होने के बाद उन्हें अपनी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देना होगा.
अलग-अलग वर्गों के लिए तय किए गए पद
लेखपाल भर्ती में विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं. सामान्य वर्ग के लिए 3205 पद रखे गए हैं. वहीं ओबीसी वर्ग के लिए 2158 पद तय किए गए हैं. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 792 पद हैं. अनुसूचित जाति (SC) के लिए 1679 पद और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 160 पद निर्धारित किए गए हैं.
इस बार बदला हुआ रहेगा एग्जाम पैटर्न
इस बार लेखपाल मुख्य परीक्षा का पैटर्न पहले की तुलना में कुछ अलग रहेगा. पहले परीक्षा में मुख्य रूप से मैथ्स, सामान्य ज्ञान, हिंदी और ग्रामीण परिवेश से जुड़े सवाल पूछे जाते थे, लेकिन अब सिलेबस को और विस्तृत किया गया है. नई परीक्षा में डेटा इंटरप्रिटेशन, कंप्यूटर, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, अर्थव्यवस्था जैसे विषयों से भी प्रश्न पूछे जा सकते हैं. ऐसे में उम्मीदवारों को अपनी तैयारी में इन नए विषयों को भी शामिल करना होगा.
इसे भी पढ़ें:-कूलर के लिए कौन सी जाली है बेस्ट? जो चिलचिलाती गर्मी में देगी ठंडी हवा