दिल्ली में DTC बस ने कई लोगों को कुचला, दो की मौत

Delhi: पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई इलाके में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी हंगामा हो गया. दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस ने ने कुछ लोगों को कुचल दिया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है. आक्रोशित लोगों ने बस को रोक कर उसपर पथराव कर दिया. तोड़फोड़ करने के बाद भीड़ ने एक बस को आग के हवाले कर दिया. पथराव में छह बसों के शीशे टूट गए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है.

कैसे हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 9.45 बजे नजफगढ़ की तरफ से आ रही डीटीसी क्लस्टर बस ने एक स्कूटी, एक बाइक, एक रिक्शा और कुछ पैदल चलने वालों को टक्कर मार दी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है. जिनके शव एसजीएम अस्पताल और महाराजा अग्रसेन अस्पताल पंजाबी बाग में रखे गए हैं. एक महिला की हालत गंभीर है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है. आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है.

दो लोगों की मौत, एक महिला घायल

पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. दो मृतकों को एसजीएम अस्पताल और महाराजा अग्रसेन अस्पताल, पंजाबी बाग ले जाया गया. वहीं एक घायल महिला को मनसा राम अस्पताल, निहाल विहार में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

हादसे के बाद लोगों का हंगामा

हादसे के तुरंत बाद करीब 500 लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और गुस्साए लोगों ने हादसे में शामिल बस की तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी. इतना ही नहीं, नांगलोई की तरफ से आ रही एक दूसरी डीटीसी बस में भी आग लगा दी, जो बाद में झुलसी हुई हालत में मिली.

ड्राइवर हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने दुर्घटना करने वाली बस के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. डीटीसी अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय वहां से गुजर रही पांच अन्य बसों को भी नुकसान पहुंचा, हालांकि वे बसें मौके पर नहीं मिलीं.

इसे भी पढ़ें:-यूपी लेखपाल भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, बदला एग्जाम पैटर्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *