बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार

Delhi: दिल्ली पुलिस की आउटर डिस्ट्रिक्ट फॉरेनर सेल ने भारत में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. ये सभी लोग फर्जी मेडिकल वीजा का सहारा लेकर भारत में रह रहे थे और दूसरे देशों में जाने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने अब सभी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए डिपोर्टेशन की कार्रवाई शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला?

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिक जिनकी बांग्लादेशी होने की आशंका है, वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी इलाके में रह रहे हैं और बुल्गारिया के लिए मेडिकल वीजा प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं.

6 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि ये लोग पीरागढ़ी चौक के पास डीडीए पार्क के आसपास मौजूद हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की. 

पुलिस को देखते ही संदिग्ध लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान कोई भी व्यक्ति वैध पहचान पत्र या यात्रा दस्तावेज नहीं दिखा पाया. 

गिरफ्तार व्यक्तियों के नाम

फारूक, मोहम्मद सोजिब फकीर, शोहेग मियां, शहाबुद्दीन, मोहम्मद शराजुल इस्लाम शाहिदुल, गोलाम रब्बानी, साजिब मियां, मोहम्मद जाहिरुल, मोहम्मद आलमगीर हुसैन और मोहम्मद अब्दुल कुद्दूस.

जांच में क्या सामने आया?

जांच में पता चला कि इनके पास मौजूद पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी, जिससे इनका भारत में रहना अवैध पाया गया. पुलिस ने सभी दसों लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, ये सभी लोग बुल्गारिया के लिए मेडिकल वीजा हासिल करने के उद्देश्य से भारत आए थे.

बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ क्यों हो रही कार्रवाई?

सरकार का इस मामले पर स्टैंड ये है कि अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं. इसलिए इन्हें वापस भेजने के लिए डिपोर्टेशन की जगह “पुशबैक” की नीति अपनाई गई, जिसमें जल्द से जल्द पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक को वापस उसके देश भेज दिया जाता है. खासकर सीमावर्ती राज्यों (असम, पश्चिम बंगाल, बिहार) में इसको लेकर ज्यादा कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें:-पणजी नगर निगम चुनाव के रुझानों में BJP की बंपर बढ़त, 30 वार्डों में गिनती जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *