Weather news: देशभर में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है. धूप के बाद बारिश और बारिश के बाद धूप देखकर समझ ही नहीं आ रहा कि ये कैसा गर्मी का मौसम है. मौसम का ये मिजाज बहुत ही हैरान कर रहा है. IMD ने 4 अप्रैल से दिल्ली, यूपी और बिहार समेत 9 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. लोगों से कहा गया है कि वे सतर्क रहें. बेवजह घरों से बाहर न निकलें. 7 अप्रैल तक उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है, जिससे बारिश और बढ़ सकती है. इस दौरान किसानों को खासतौर पर सावधान रहने की जरूरत है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है. 4 अप्रैल को तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और तूफान आने की पूरी संभावना है. हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इसलिए लोग सावधानी बरतें, बाहर निकलते समय छाता और जरूरी सामान साथ रखें. 5 अप्रैल को भी मौसम ऐसा ही रहेगा. दिन में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और रात में न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास रहेगा. गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी. 6 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है. आसमान में हल्के-हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन कोई भारी बारिश या तूफान की चेतावनी नहीं है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए पूरे राज्य में अचानक बदलाव का अलर्ट जारी किया है. 4 अप्रैल को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बड़े-बड़े ओले गिरने की संभावना है. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड इलाके में मौसम बहुत खराब रह सकता है. ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में. इन इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि से तापमान अचानक गिर सकता है. किसान और आम लोग सतर्क रहें.
बिहार का मौसम
बिहार में अभी गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन मौसम में बार-बार बदलाव हो रहा है. पिछले दिनों कुछ जगहों पर बारिश और आंधी हुई थी. 5 अप्रैल के बाद मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है. हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 6 और 7 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं और ज्यादा हो सकती है. इससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी और तापमान नीचे आएगा.
पंजाब और हरियाणा में मौसम
पंजाब और हरियाणा में इस पूरे हफ्ते मौसम अस्थिर रहेगा. 4 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी. ओले भी गिर सकते हैं. 7 और 8 अप्रैल को भी बारिश और आंधी की संभावना बनी रहेगी. लोगों को सावधानी से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
पहाड़ी इलाकों में मौसम
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में इस हफ्ते मौसम काफी सक्रिय रहेगा. 4, 7, 8 और 9 अप्रैल को इन इलाकों में बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी. 4 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में ओले गिरने और कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित हो सकता है, इसलिए स्थानीय लोगों को खास सतर्क रहने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली से लेकर जम्मू तक हिली धरती, जानें कितनी थी भूकंप की तीव्रता