UP News: यूपी के मथुरा में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बाबरिया गिरोह के दो सदस्य ढेर हो गए. मारे गए बदमाश 50_50 हजार रुपए के इनामी थे. मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की शिनाख्त धर्मवीर उर्फ लंबू और राजेंद्र उर्फ पप्पू के रूप में हुई है. मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा व हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय भी घायल हुए हैं.
जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढ़ेर
गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि डकैती में शामिल दो बदमाश यमुना एक्सप्रेसवे के पास मौजूद हैं. सुबह करीब 7 बजे पुलिस और स्वाट टीम की घेराबंदी के दौरान दो संदिग्ध बाइक पर आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पकड़े जाने के डर से दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
30 लाख रुपये की नकदी और जेवरात की लूट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये नकाबपोश बदमाश 23 अप्रैल की रात टैंटीगांव में व्यवसायी अजय अग्रवाल के घर में घुस गए थे. उन्होंने घर में मौजूद लोगों को धमकाकर करीब 30 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए थे. इस घटना के बाद से ही पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी.
अपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, मारे गए दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और गंभीर रहा है. धर्मवीर उर्फ लंबू, जो राजस्थान के भरतपुर का निवासी था, पर विभिन्न थानों में डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज थे. उसके खिलाफ राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई थानों में करीब 16 मामले दर्ज थे, जिनमें कई में वह वांछित चल रहा था.
इसे भी पढ़ें:-बिहार सरकार का कैबिनेट विस्तार आज, गांधी मैदान में 31 नए मंत्री लेंगे शपथ