UP News: मटेरा थाना क्षेत्र के नानपारा-बहराइच मार्ग पर रविवार रात भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई. दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. हादसा तेज रफ्तार कार और कंबाइन की भीषण के कारण हुआ. दुर्घटना की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा देर रात उस समय हुआ जब टाटा पंच कार तेज रफ्तार में नानपारा की ओर जा रही थी. इसी दौरान डिहवा गांव के पास सामने चल रही कंबाइन मशीन से कार की जोरदार टक्कर हो गई. स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी.
कार के उड़े परखच्चे
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और कई हिस्से सड़क पर बिखर गए. राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
दो घायलों की हालत नाजुक
हादसे में घायल दो लोगों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और अंधेरा हादसे की बड़ी वजह हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें :-सासाराम से पटना जा रही पैसेंजर ट्रेन में लगी भयंकर आग, मची अफरा-तफरी