Odisha Politics:ओडिशा की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अचानक इस्तीफा दे दिया है। देबाशीष सामंतराय को पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बेहद वफादार और करीबी सिपहसालार माना जाता था। ऐसे में उनका यह फैसला बहुत बड़ी रणनीतिक झटका माना जा रहा है।
इस्तीफे की चिट्ठी में छलका दर्द
राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने 25 मई को बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक को अपना इस्तीफा पत्र भेजा। इस चिट्ठी में उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा कि वह पार्टी के भीतर व्यवस्थित रूप से खुद को छोटा और उपेक्षित महसूस कर रहे थे। उन्होंने आगे लिखा कि अब ऐसा लगता है जैसे पार्टी को उनकी सेवाओं और काम की कोई जरूरत नहीं है। सामंतराय के मुताबिक, यह फैसला लेना उनके लिए काफी कठिन था, लेकिन सार्वजनिक हित को देखते हुए यह बेहद जरूरी था।
पूर्व सीएम नवीन पटनायक का जताया आभार
पार्टी छोड़ने और उपेक्षा के आरोपों के बावजूद देबाशीष ने नवीन पटनायक के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह नवीन पटनायक के आभारी हैं जिन्होंने उन्हें राज्यसभा भेजा और कटक समेत पूरे ओडिशा की जनता की राष्ट्रीय स्तर पर सेवा करने का मौका दिया।
क्या बीजेपी में शामिल होंगे देबाशीष?
ओडिशा के राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चाएं अब बेहद तेज हो गई हैं कि देबाशीष सामंतराय जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी में शामिल होने के बाद, वे पार्टी के समर्थन से दोबारा संसद पहुंच सकते हैं। ओडिशा में सरकार बनाने के बाद अब बीजेपी विपक्षी खेमे के बड़े चेहरों को अपने पाले में लाने की तैयारी में जुट गई है।