Jammu news: धर्मनगरी कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी भवन और यात्रा मार्ग पर मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा। सुबह से लेकर दोपहर तक आसमान में काले घने बादल छाए रहने के कारण श्रद्धालुओं को बारिश की उम्मीद थी, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया।
मौसम खराब होने के बावजूद देश के कोने-कोने से पहुंच रहे भक्तों के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं आई। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया की सप्ताह का सामान्य दिन होने के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी आमद जारी रही। सोमवार की देर शाम तक करीब 28,000 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया। राहत की बात यह रही कि मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सहित सभी प्रमुख यात्रा सेवाएं दिनभर सामान्य रूप से चलते रहे। कटड़ा से लेकर अर्धकुंवारी, सांझीछत और मुख्य भवन क्षेत्र तक सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम रहे। जयकारों के साथ पूरी धर्मनगरी का माहौल दिनभर भक्तिमय बना रहा।