Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेट्रो फेज-4 के तहत इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाले सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन परिसर का शिलान्यास किया. इस परियोजना से रोजाना करीब 1.5 लाख यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा. इस नए कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि दिल्ली सचिवालय को पहली बार सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी.
डीएमआरसी के अनुसार, यह नया कॉरिडोर मजेंटा लाइन का विस्तार होगा. इसकी कुल लंबाई 12.30 किलोमीटर होगी, जिस पर 10 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे. परियोजना का लगभग 11.35 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत होगा, जबकि करीब 1 किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड बनाया जाएगा. इसके लिए आधुनिक तकनीक और विशेष मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि आसपास की आबादी और यातायात पर कम से कम असर पड़े.
इस नए मेट्रो कॉरिडोर के शुरू होने से राजधानी की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा. बड़ी संख्या में लोग निजी वाहन छोड़कर मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आने की उम्मीद है. इसके अलावा पुरानी दिल्ली, करोल बाग, सराय रोहिल्ला, इंद्रलोक और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी तेज और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी.
इसे भी पढ़ें:-यूपी में गन्ना पर्यवेक्षक की निकली भर्ती, 1100+ पदों पर आवेदन शुरू