विधानभवन में सीएम योगी ने फहराया तिरंगा, 80वें स्वतंत्रता दिवस की दी बधाई

Independence Day 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानभवन में ध्वजारोहण किया. समारोह में पहली बार राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन हुआ, इसके बाद राष्ट्रगान हुआ. हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा भी की गई. ध्वजारोहण के बाद कलाकारों ने बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. मुख्यमंत्री ने शहीदों और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया.

भगवा पगड़ी में नजर आए योगी

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवा पगड़ी में नजर आए. वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता पहने दिखे. इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी ध्वजारोहण किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त करने के लिए देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि देश में गरीब, युवा, महिला और किसान चार प्रमुख वर्ग हैं और इनके लिए काम करने से बेहतर परिणाम मिलेंगे.

बलिदान, त्याग, तपस्या का परिणाम है आज की स्वतंत्रता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज ही के दिन 1947 में एक लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणाम स्वरूप स्वाधीनता प्राप्त हुई. स्वाधीनता का एहसास हर भारतवासी जिस उन्मुक्त वातावरण में कर रहा है ये बलिदान, त्याग, तपस्या का परिणाम है. आज हम सब अपनी आजादी के 79 साल पूरे कर चुके हैं, 80वें स्वाधीनता दिवस के कार्यक्रम में हम सब जुड़े हैं. ये दिन हमें आजादी के लक्ष्यों की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों में नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वाह करने के लिए भी प्रेरणा प्रदान कर रही है.

तिरंगे से सजा पूरा प्रदेश

आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में घरों, दुकानों और सरकारी-गैर सरकारी इमारतों पर तिरंगा लहराता नजर आया. चौराहों और सरकारी कार्यालयों को तिरंगे से सजाया गया. जगह-जगह ध्वजारोहण और देशभक्ति के कार्यक्रम हुए.

इसे भी पढ़ें:-‘आज हर घर तिरंगा है, हर मन तिरंगा है’, लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *