जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 4 की जलने से मौत, 6 बेसुध

Delhi Mangolpuri Fire: दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग बेहोश हो गए। सभी घायलों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

20 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 20 गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने और फैक्ट्री में फंसे लोगों को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने 6 लोगों को बेसुध हालत में बाहर निकाला।दमकल अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग मुख्य रूप से फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी, जिसे दमकलकर्मियों ने वहीं पर काबू कर लिया। लेकिन आग से निकला घना धुआं पूरी चार मंजिला इमारत में फैल गया।

धुएं से दम घुटा, तीसरी-चौथी मंजिल पर फंसे लोग

धुएं के कारण फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी हुई। तीसरी और चौथी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में 4 लोगों ने दम तोड़ दिया। आग बुझने के बाद भी दमकल और पुलिस की टीमें पूरी बिल्डिंग में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, ताकि कोई अंदर फंसा न रह जाए।

फैक्ट्री मालिक से पूछताछ कर रही पुलिस

डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है। फैक्ट्री मालिक को मौके पर बुलाया गया है। ठेकेदार और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में कुल कितने मजदूर मौजूद थे।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग बेसमेंट में लगी थी, लेकिन धुआं ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने से लोग बेहोश हो गए। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद देर रात तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

इसे भी पढ़ें:-अगले 8 घंटे 17 राज्यों में चक्रवाती तूफान का खतरा, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बारिश का अलर्ट जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *