Rajya Sabha by-election: मध्य प्रदेश से राज्यसभा की खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे. बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को ही हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया था.
हेमंत खंडेलवाल बोले – MP को कई सौगातें दी हैं
नामांकन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा, “केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है. मैं मध्य प्रदेश भाजपा की ओर से उनका स्वागत करता हूं. हरदीप सिंह पुरी ने केंद्रीय मंत्री रहते हुए मध्य प्रदेश को कई सौगातें दी हैं.
CM मोहन यादव ने दी बधाई
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “हमारा सौभाग्य है कि हरदीप सिंह पुरी ने मध्य प्रदेश की रिक्त सीट से नामांकन दाखिल किया है. दिवाली से पहले मध्य प्रदेश सरकार को बड़ा उपहार मिला है.”उन्होंने कहा कि पुरी का लंबा संसदीय अनुभव रहा है. उन्होंने मध्य प्रदेश को बिना रिफाइनरी और स्मार्ट सिटी जैसी बड़ी सौगातें दी हैं. उनके नेतृत्व में ही देश में स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हुआ, जिसमें एमपी के शहरों ने देशभर में नाम कमाया. जब वह निर्वाचित होंगे तो देश के साथ प्रदेश को भी उनके नेतृत्व का लाभ मिलेगा.
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. उन्होंने 14 अक्टूबर 2026 को इस्तीफा दिया था. राज्यसभा में उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था. चुनाव आयोग ने 22 अक्टूबर को इस सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया था.
क्या है चुनाव का शेड्यूल?
2 नवंबर तक पर्चा भर सकते हैं.
12 नवंबर को वोटिंग होगी.
12 नवंबर को ही शाम 5 बजे नतीजा आ जाएगा.
16 नवंबर तक पूरी प्रक्रिया खत्म.
इसे भी पढ़ें:-भारत में सामाजिक सुरक्षा का बढ़ा दायरा, EPFO के सदस्यों की संख्या 7.98 करोड़ पार