Winter Skin Care: ठंड बढ़ते ही आपकी स्किन ने रूखा-सूखा होना शुरू कर दिया? हाथ-पैर में खिंचाव, होंठों का फटना और कंघी में बालों का गुच्छा निकलना आम बात हो गई है. पार्लर के महंगे प्रोडक्ट्स पर पैसे फूंकने से पहले ये देसी और आसान नुस्खे जान लीजिए, जो बिना खर्च के आपकी सर्दियां गुलाबी बना देंगे.
1. नहाने की आदत बदलें, नहीं तो बढ़ेगा रूखापन
हम में से ज्यादातर लोग कड़ाके की ठंड में खौलते गर्म पानी से नहाते हैं और तेज खुशबू वाला साबुन घिस-घिसकर लगाते हैं. यही स्किन का दुश्मन है. गर्म पानी स्किन का नेचुरल ऑयल छीन लेता है.
क्या करें: गुनगुने पानी से नहाएं. नहाने के 2 मिनट के अंदर, जब स्किन हल्की गीली हो, तभी मॉइस्चराइजर लगा लें. ये ट्रिक नमी को लॉक कर देती है.
2. नारियल तेल लगाएं या क्रीम? कंफ्यूजन खत्म
गांव-देहात में नारियल तेल रामबाण है. ये स्किन को मुलायम रखता है. लेकिन अगर आपके चेहरे पर पहले से मुंहासे हैं या स्किन बहुत ऑयली है, तो नारियल तेल से पोर्स बंद हो सकते हैं और पिंपल्स बढ़ेंगे.
बेस्ट सॉल्यूशन: ड्राई स्किन वालों के लिए रात में नारियल तेल बेस्ट है. ऑयली और सेंसिटिव स्किन वालों को बिना खुशबू वाला, ग्लिसरीन और हायलुरोनिक एसिड वाला मॉइस्चराइजर लेना चाहिए.
3. होंठ फटें तो जीभ न फेरें
ठंड में होंठ फटते ही हम बार-बार जीभ से गीला करते हैं या सूखी पपड़ी को दांत से नोचते हैं. डॉक्टरों के मुताबिक इससे होंठ और ज्यादा फटते हैं और जलन बढ़ती है.
सीक्रेट: जेब में हमेशा छोटी पेट्रोलियम जेली रखें. दिन में 4-5 बार लगाएं. केमिकल वाले लिपस्टिक से बचें.
4. बाल झड़ने के 3 बड़े कारण जो आप करते हैं
ठंड में स्कैल्प ड्राई हो जाता है. ऊपर से हम गर्म पानी से सिर धोते हैं, फिर तौलिये से जोर-जोर से रगड़ते हैं और तुरंत हेयर ड्रायर चलाते हैं. बाल तो टूटेंगे ही.
बाल बचाने के नियम: हल्के शैम्पू से धोएं, गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें, तौलिये से लपेटकर छोड़ दें, रगड़ें नहीं. हीटिंग टूल्स को हफ्ते में एक बार से ज्यादा न चलाएं.
5. बाहर से नहीं, अंदर से ग्लो लाएं
क्रीम-पाउडर से ज्यादा जरूरी है प्लेट में क्या है. प्रोटीन और विटामिन की कमी से भी बाल झड़ते हैं. अपनी थाली में अंडा, दाल, दूध, पालक, गाजर, संतरा, बादाम, मूंगफली और चिया सीड्स जरूर रखें. दिन में 8-10 गिलास पानी पीना न भूलें, भले प्यास न लगे.
कब डॉक्टर को दिखाएं?
अगर बाल गुच्छों में झड़ रहे हैं, स्कैल्प में खुजली या लाल चकत्ते हैं, या महीनों तक स्किन रूखी ही रह रही है, तो ये किसी बीमारी का संकेत हो सकता है. तुरंत स्किन स्पेशलिस्ट से मिलें.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट के पदों पर बंपर भर्ती, ग्रेजुएट उम्मीदवार ऐसे करें आवेदन