पृथ्वी सब कुछ सह सकती है, लेकिन मनुष्य के पाप नहीं: पं. प्रदीप मिश्रा

Ballia: बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में चल रही सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ने श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि पृथ्वी माता समस्त जीवों का भार वहन कर सकती हैं, लेकिन मनुष्य के पापों का बोझ सहन नहीं कर सकतीं। संसार में यदि कोई ऐसी शक्ति है, जो मनुष्य के पापों को भी अपने ऊपर लेकर उसका कल्याण कर सकती है, तो वह देवाधिदेव महादेव हैं।

उन्होंने कहा कि इसका उल्लेख नारद पुराण में भी मिलता है। भगवान शिव अपने भक्तों के दुख, कष्ट और पापों का नाश करने वाले हैं। सच्चे मन से की गई शिव भक्ति से मनुष्य को जीवन के सभी संकटों से मुक्ति प्राप्त होती है। महादेव अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं, इसलिए उन्हें भोलेनाथ कहा जाता है। कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में ऐसे कर्म करने चाहिए, जिनसे समाज और परिवार का कल्याण हो। पाप, अहंकार और छल-कपट से दूर रहकर भगवान शिव का स्मरण करने वाला व्यक्ति सदैव सुख और शांति प्राप्त करता है।

उन्होंने कहा कि शिव नाम का स्मरण मात्र ही मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सामर्थ्य रखता है। कथा के दौरान उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और सदाचार का संदेश दिया। उनके मुखारविंद से निकली कथा और भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर हर-हर महादेव के जयघोष करते रहे। पूरा कथा पंडाल शिवमय वातावरण से गूंज उठा।

तीसरे दिन भी कथा सुनने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर पहुंचे। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई थी। कथा के समापन पर मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह, सुनील सिंह व अन्य परिजनों ने महादेव की आरती एवं प्रसाद वितरण किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। लोगों ने उन्मुक्त कंठ से कहा कि धन्य हुई बलिया की धरती जहां हर-हर महादेव की गूंज हर ओर सुनाई दे रही है। शिव कथा की अमृत धारा में सभी भक्त सराबोर हो रहे हैं।

एनसीसी तिराहा से श्रद्धालुओं के लिए फ्री बस सेवा
बांसडीह रोड के दिउली में चल रहे शिव महापुराण कथा में लोगों के आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने फ्री बस सेवा शुरू की है। कथा में होने वाली अपार भीड़ को देखते हुए पुलिस ने रुट डायवर्सन किया है जिससे लोगों को काफी दूर पैदल चलना पड़ रहा है। ऐसे में इसे देखकर मंत्री ने लोगों की सहूलियत के लिए एनसीसी तिराहा से कार्यक्रम स्थल तक फ्री बस सेवा शुरू करा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *