Ghazipur: आपस में सब प्रेम बढ़ायें।। खिलकत को खुशहाल बनायें।।, नशा, त्याग, शाकाहार अपनायें। मां-बहनों की लॉज बचायें।।, मानव जीवन अनमोल है। सत्गुरु मिलें भेद दें खोल।। मत पियो शराब, खराब बड़ी। दोनों जग नाशनहारी है।। बदली हिन्दुस्तान तो बदलि जाई दुनिया आदि नारों व संदेशों के साथ जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज अपने काफिले का पड़ाव कल सायंकाल प्राथमिक विद्यालय सकरा में किया। उन्होंने आज यहां अपने सत्संग सम्बोधन में कहा कि भवसागर से पार होने की इच्छा रखने वाले को प्रभु की प्राप्ति कराने वाले सन्त सत्गुरु की खोज कर उनकी सेवा, सत्संग और नाम की कमाई करनी चाहिये। मानव जीवन चौरासी लाख योनियों से निकलने का एकमात्र अवसर है। जब तक जीवात्मा शरीर में रहती है, उसको पवित्र माना जाता है तथा अन्य लोगों से इसका सम्बन्ध होता है। सारी आत्मायें शब्द (नाम) जिसे सन्तों महापुरुषो ने आकाशवाणी, अनहृदवाणी, कलमा, आयतें कहा है, उतार कर लाई गईं।
जब आप बताई हुई विधि से साधना सुरत शब्द योग (नाम योग) की करेंगे तो सुरत (आत्मा) जब शब्द को पकड़कर शरीर से बाहर निकल कर आसमानों का सफर करेगी। जैसे चिड़िया अपने घोसले से निकलकर आसमानों का सफर करके अपने घोसले में वापस आ जाती है। आप त्रिकालदर्शी हो जायेंगे, आप का जीवन धन्य हो जायेगा और जीवात्मा जन्म-मरण के बन्धन से मुक्त हो जायेगी। इसलिये आप अपने जीवन को सफल बनाने पर विचार कीजियेगा।
उन्होंने स्मरण कराया कि मनुष्य शाकाहारी प्राणी है, लेकिन अपनी बुद्धि व बल से जीवों की हिंसा करता है और उनके मांस का भक्षण करता है और शराब के कतरे डालता है, इसकी सख्त सजा मिलेगी। वर्तमान में हिंसा और अपराध का जो वातावरण बनता जा रहा है। वह मांसाहार व शराब पीने का कारण है। यदि आप भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध को मानते हैं तो उनके आदर्शो पर चलना सीखें। भगवान राम ने कभी नहीं कहा, तुम मांस खाओ, भगवान कृष्ण ने कभी नहीं कहा, तुम शराब पियो, महात्मा बुद्ध ने तो अहिंसा परमो धर्मः का संदेश दिया। सन्त कबीर दास ने कहा ‘तिल भर मच्छी खाई कै, कोटि गउ दे दान। काशी करवट ले मरै निश्चय नर्क निदान। समाज के सभी बुद्धिजीवियों, शुभचिन्तकों, धार्मिक लोगों से विनम्र अपील है कि स्वयं शाकाहारी-सदाचारी व नशामुक्त रहकर समाज को भी ऐसा ही बनाने में सहयोग करें। यह बाबा जयगुरुदेव जी महाराज द्वारा सूत्रपात की गई आध्यात्मिक-वैचारिक क्रान्ति का महाभियान है।
उन्होंने आगामी 3 से 5 मार्च 2026 तक मथुरा में जयगुरुदेव आश्रम आगरा-दिल्ली बाईपास रोड पर आयोजित होने वाले होली सत्संग मेला पर पधारने का निमन्त्रण भी दिया। इस अवसर पर इन्द्रदेव यादव अध्यक्ष, शिवपूजन सिंह यादव जि.पं. सदस्य, कंचन देवी प्रधान, पन्धारी यादव, ओम प्रकाश, बसन्त यादव, हरिनारायण यादव, अविनाश कुशवाहा, अंगदपाल, सहयोगी संगत हरदोई के मलिखेराम, संदीप कुमार, उदय प्रकाश, देवी शरण कुशवाहा तथा संस्था के कई पदाधिकारी व प्रबन्ध समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद धर्म यात्रा अगले पड़ाव ग्राम सबुआ ब्लाक करण्डा के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोपहर 12 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित है।