Ghazipur: जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज जनजागरण यात्रा के साथ 39वें पड़ाव लालपुर हरी (बभनौली) थाना शादियाबाद ब्लाक मनिहारी में कल सायं काल पहुंचे। प्रेमी भाई-बहनों ने काफिला यात्रा का भव्य स्वागत किया। यहां सत्संग में महाराज जी ने कहा कि महात्मा त्रिकालदर्शी होते हैं। वे सब कुछ जानते हैं। अगर हम लोग उनके वचनों को मान लें तो बच जायेंगे। यह मानव शरीर जन्म-जन्म के पुण्य कर्म संचित होने पर प्राप्त होता है।
श्वासों की पूंजी गिनकर मिली है। 84 लाख योनियों में केवल मानव योनि सर्वश्रेष्ठ है। जिससे हम साधन भजन करके अपने घर जा सकते हैं। हमें सद्गुरु की खोज करके उनके द्वारा बताये गये रास्ते पर चलकर अपना काम बना लेना चाहिये। हमने मां के गर्भ में प्रभु से प्रार्थना किया था कि हम साधन, भजन करेंगे। इस नारायणी शरीर को शुद्ध रखेंगे, लेकिन जन्म पाते ही हम अपना वादा भूल गये। मांसाहार व नशा का सेवन करके इसे गन्दा कर दिया।
पूरा जीवन इस शरीर को संवारने सजाने में, इससे सम्बन्धित चीजों को जोड़ने में, गलत आचरण में समय बर्बाद कर दिया। जो भी इक्ट्ठा किया सब यहीं छोड़ कर जाना पड़ेगा। इसलिये प्रभु को पाने और साधन भजन करके अपने घर जाने के लिये जो रास्ता बताया जाय सुमिरन, ध्यान, भजन करके अपने घर निकल चलो। रास्ता एकदम सच्चा है करोगे तो दिखाई भी देगा और सुनाई भी देगा। इसके लिये शाकाहारी बनों, नशा का सेवन मत करो और सदाचारी जीवन अपनाओ।
इसी क्रम में महाराज जी ने मथुरा में होने वाले आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम मथुरा में आयोजित होने वाले होली सत्संग मेला में आकर भाग लेने के लिये सभी भाई-बहनों को आंमत्रित किया। समस्त आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया तथा सबको साधुवाद कहते हुए सबके सुखद जीवन की मंगल कामना किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।
इस अवसर पर जंगबहादुर यादव, मनबोध यादव, बुधिराम यादव, प्रभाचन्द मास्टर, नेवाजू यादव, नरेन्द्र चौहान, साहब यादव, कोलम्बस, जितेंद्र यादव प्रधान, हरेंद्र यादव, प्रेम नाथ, सहयोगी संगत बाराबंकी के रामचन्द्र यादव, सतीष चन्द वर्मा, तेज बहादुर यादव, शिवराज सिंह, श्रीपाल, दिलराम चौहान आदि मौजूद रहे। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम मुहम्मदपुर परवां दुर्गा मन्दिर के पास, थाना बिरनो के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोपहर 12 बजे से सत्संग संदेश आयोजित है।