गृहस्थ आश्रम में रहकर मानव धर्म औऱ कर्म को अपनाने की जरुरत: पंकज जी महाराज

Ghazipur: जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा की शाकाहार-सदाचार मद्यनिषेध आध्यात्मिक-वैचारिक जनजागरण यात्रा संस्थाध्यक्ष सन्त पंकज जी महाराज के साथ 40वां पड़ाव मां दुर्गा मंदिर के पास मुहम्मदपुर परवां में किया। आज यहां आयोजित सत्संग समारोह में सन्त पंकज जी महाराज ने ‘‘यह तन तुमने दुर्लभ पाया, कोटि जनम भटका जब खाया।।’’ पंक्तियों को उद्धृत करते हुए कहा कि आपको यह दुर्लभ मनुष्य तन मिल गया, अब इसको बर्बाद मत करना। घर गृहस्थी का काम करते हुए थोड़ा सा समय भगवान के भजन के लिये भी निकालें। इसके लिए जीते जी प्रभु की प्राप्ति करने वाले सन्त सत्गुरु की आवश्यकता है, साथ ही साथ मानव धर्म, मानव कर्म अपनाने की आवश्यकता है।

परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ने 116 वर्ष की उम्र तक अथक परिश्रम करके करोड़ों भटके हुये लोगों का हृदय परिवर्तन किया। उन्हें शाकाहारी-सदाचारी, नशामुक्त बनाकर भगवान के भजन, अच्छे समाज के निर्माण में लगाया। उनके इस मिशन को आगे बढ़ाने, जन-जन तक संदेश पहुंचाने में पूज्य महाराज जी निरन्तर लगे हुए हैं। पंकज जी महाराज ने कहा कि किसी को घर परिवार छोड़ने की आवश्यकता नहीं है, साधू सन्यासी नहीं बनना है। मालिक से मिलने का रास्ता जो बताया जा रहा है। 24 घण्टे में, दो घण्टा समय निकालकर अपना मानव जीवन पाने का उद्देश्य पूरा करा लें।

उन्होंने आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम आगरा-दिल्ली बाईपास मथुरा में आयोजित होने वाले होली सत्संग मेला में आने का निमन्त्रण सभी भाई-बहनों को दिया। सभी का आभार व्यक्त करते हुए सुखद जीवन की मंगलकामना की। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर जगंबहादुर सिंह यादव, मनबोध यादव, महेन्द्र यादव, प्रभाचन्द यादव, आजाद यादव, नरेन्द्र चौहान, अर्जुन यादव, कल्पनाथ यादव, राम अधार यादव, सहयोगी संगत अम्बेडकर नगर के रामलखन यादव, बिपिन बिहारी, आशाराम चौधरी, रामसिंगार चौधरी, दिनेश शर्मा, राम मिलन यादव, अर्जुन मौर्य आदि मौजूद रहें। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव खुटहन पथरा थाना शादियाबाद के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोपहर 12 बजे से सत्संग समारोह आयोजित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *