सत्संग में समाज सुधार और भगवान की भक्ति के लिए दी जाती है प्रेरणा: पंकज जी महाराज

Ghazipur: जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज की 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा का कल सायं ग्राम कुचौरा ब्लाक करण्डा में 66वाँ पड़ाव हुआ। उन्होंने अपने सत्संग में भारी जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सन्तों-महात्माओं के सत्संग में किसी धर्म, जाति या व्यक्ति विशेष की निन्दा, आलोचना नहीं की जाती है। यहाँ केवल जनकल्याण, समाज सुधार व भगवान की भक्ति की प्रेरणा दी जाती है। जब आप लोग इस संसार में पैदा हुए तो कोई जाति-बिरादरी लेकर नहीं आये, सिर्फ नंगे रेाते हुए पैदा हुये। बाद में आपका नाम पड़ गया।

यहाँ धीरे-धीरे फैलाव होता गया। दुनिया को अपना मान लिया। जब जाने का समय आया तो अफसोस होता है कि हमने जीवन में कुछ नहीं किया। वहां जीवात्मा को निकाल कर धर्मराज की कचहरी में पेश कर दिया जायेगा। जहां कुछ ही समय में कर्मों का हिसाब हो जायेगा। उन्होंने सजा सुना दिया कि इन्हें ले जाकर फला नर्क में डाल दो क्योंकि इन्हें कहा गया था कि किसी सन्त महात्मा की खोज करना। वे जो रास्ता बतायें, उस पर चल कर आत्म कल्याण कर लेना। लेकिन अपना किया गया वादा भूल गये। आप सोचोगे कि जब यह शरीर यहीं छूट गया तो सजा किसको मिलेगी। भाईयों-बहनों!

यह जीवात्मा चार प्रकार की शरीरों में बन्द है। कारण शरीर, सूक्ष्म शरीर, लिंग शरीर और पंच भौतिक शरीर। इसके लिंग शरीर में कर्मानुसार यातनायें या स्वर्ग के सुख दिये जाते है। इसलिये आप सभी लोग आत्म कल्याण पर विचार करें अन्यथा जीवन बेकार चला जायेगा। संत पंकज जी महाराज ने कहा कि गुरु की महिमा अपार है। वे ही जीवों को भवसागर से पार कर सकते हैं। सबसे पहले चरित्र जैसे धन को इक्ट्ठा करने की आवश्यकता है। इसलिये आप सब अपने दीन-ईमान पर वापस आ जाओ और इस जिस्मानी मंदिर में बैठकर भगवान की सच्ची पूजा करो ताकि आपकी जीवात्मा नर्कों में जाने से बच जाय। हम अच्छे समाज के निर्माण के लिये निकले हैं। सबसे आग्रह है कि शाकाहारी रहें, शराब जैसे नशा से बचें तथा ईमानदारी से जीवन बितायें। अच्छे समाज के निर्माण में भागीदार बनें। महाराज जी ने हाथ में माला लेकर सुमिरन, ध्यान, भजन कैसे करना है, विस्तार से समझाया।

आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा में आयोजित होने वाले होली सत्संग मेला में बच्चों सहित आने के लिये सबको निमंत्रित किया। सबको साधुवाद कहते हुए सुखद जीवन की मंगल कामना किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर हरिनारायण मास्टर, बजरंगी यादव, श्याम प्रकाश यादव, परमात्मानन्द गौड़, इन्द्रदेव यादव, राम सेवक कुशवाहा, बबलू खरवार ग्राम प्रधान, सहयोगी संगत उन्नाव के डा. सहदेव यादव अपने सहयोगियों सहित मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम धरम्मरपुर चट्टी ब्लाक करण्डा के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोप. 12 बजे सत्संग कार्यक्रम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *