Heavy Rain Alert : भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान देशवासियों के लिए राहत भरी खबर है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सुस्त पड़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ चुका है. अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और बिहार के शेष हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई नए इलाकों में तेजी से दस्तक देगा. वहीं मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने की भी संभावना है.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के राजधानी दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन दोपहर के समय आंधी-बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है. जबकि तापमान के 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. वहीं 27 जून को भी मौसम में यही स्थिति बनी रहेगी. हालांकि 28 जून को मौसम हल्का करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने 28 जून को बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है. जबकि पूर्वी यूपी में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. IMD के अनुसार, लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, झांसी, जालौन, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, संभल में बारिश का अलर्ट है.
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहेगा. कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिणी जिलों में हीटवेव का असर भी बना रहेगा. दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ जिलों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों के मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में 25 से 29 जून तक बारिश होने की संभावना है. 30 जून और 1 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तराखंड में अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है. 25 से 28 जून तक बारिश हो सकती है. 29 जून और 1 जुलाई को ज्यादा इलाकों में बारिश होने की संभावना है. कई जगहों पर आंधी, बिजली और भारी बारिश हो सकती है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग में मौसम बदल सकता है. जम्मू-कश्मीर में 26 जून से 1 जुलाई के बीच कई जगहों पर आंधी, बिजली और बारिश हो सकती है. 30 जून और 1 जुलाई को ज्यादा इलाकों में बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
इसे भी पढ़ें:-सिनेमाघरों में रिलीज हुई 34 स्टार्स वाली वेलकम टू द जंगल, हंस-हंसकर लोटपोट हुई ऑडियंस