जयपुर में जैश की संदिग्ध महिला स्लीपर सेल गिरफ्तार, पाकिस्तानी आतंकी से किया था ऑनलाइन निकाह

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुई एक गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. राजस्थान एटीएस और सेना की खुफिया शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि महिला कथित रूप से पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में थी. इतना ही नहीं, उसने इंटरनेट के माध्यम से पाकिस्तान के एक आतंकी हैंडलर से निकाह भी किया था.

गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की महिला स्लीपर सेल बबीता उर्फ खदिजा (38) ने पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर अबू उबेदाह से इंटरनेट मीडिया पर निकाह किया था. अबू प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का करीबी माना जाता है. सूत्रों के अनुसार, बबीता ने पूछताछ में स्वीकार किया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद उसने इंटरनेट मीडिया पर पाकिस्तानी आतंकियों के बारे में पढ़ना शुरू किया था.

बबीता को 20 जून को राजस्थान एटीएस और सेना की गुप्तचर शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसके घर से गिरफ्तार किया था. मूलरूप से सवाई माधोपुर जिले की निवासी बबीता जयपुर में माता-पिता और भाई के साथ रहती थी. करीब दो साल पहले उसका पति से तलाक हो गया था. फिलहाल महिला से लगातार पूछताछ कर रही है और उसके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *