UP News: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 1.06 करोड़ सामाजिक पेंशनधारकों की पेंशन में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. विधानसभा में शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर आए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सीएम ने कहा कि बजट में इसके लिए धनराशि की व्यवस्था कर दी गई है. इसकी विस्तृत जानकारी बजट चर्चा के दौरान उपलब्ध करवाई जाएगी.
पेंशन की धनराशि में होगा इजाफा
करीब 1.06 करोड़ निराश्रित महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगजनों की पेंशन धनराशि बढ़ाने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि बजट में इसकी घोषणा नहीं हुई थी, लेकिन हम इसमें इजाफा करने जा रहे हैं. सीएम की घोषणा के बाद पेंशन की धनराशि 1000 हजार रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये होगी. भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में भी इसकी घोषणा की थी.
पहले कितनी थी पेंशन की धनराशि
सामाजिक पेंशन के दायरे में दिव्यांग, वृद्धजन एवं निराश्रित महिलाएं आती है. 2017 से पहले दिव्यांग पेंशन 300 रुपये और अन्य 500 रुपये महीना थी. योगी सरकार ने इसे बढ़ाकर 1000 रुपये महीना किया था. 2022 के घोषणापत्र में इसे बढ़ाकर 1500 रुपये महीना करने का वादा किया गया था. सीएम ने अब इस बढ़ोतरी का ऐलान किया है. हालांकि, बढ़ी धनराशि की तस्वीर बजट पर चर्चा के दौरान साफ होगी.
इसे भी पढ़ें:-गोरखपुर में सीएम योगी ने लोगों की सुनीं समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के दिए निर्देश