हल्द्वानी में नितिन नबीन और पुष्कर धामी ने युवाओं से किया संवाद, रोजगार से लेकर AI तक हुई चर्चाएं

Uttarakhand: उत्तराखंड के हल्द्वानी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में सहभागिता कर युवाओं से संवाद किया. इस दौरान करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसरों को बढ़ाना महत्वपूर्ण है. युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है. भारत की विशाल युवा आबादी आज देश को नई ऊर्जा, नई सोच और नया सामर्थ्य प्रदान कर रही है. तकनीक और नवाचार के बढ़ते उपयोग से युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं. निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया और पर्वतीय क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में कार्य किया जा रहा है.

संवाद के दौरान युवाओं ने सरकार की योजनाओं को लेकर अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार से तय होगा. राज्य को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं की आकांक्षाओं को नीतियों और विकास योजनाओं से जोड़ना जरूरी है.

इसे भी पढ़ें:-नोएडा एयरपोर्ट पर पहली बार उतरा रूसी सेना का विमान, पुतिन की एडवांस सिक्योरिटी टीम पहुंची भारत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *