Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जनता के साथ होली की खुशियां साझा करने के बाद गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनसेवा के नियमित प्रकल्प ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की. सीएम ने ध्यान से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशील तरीके से किया जाए.
लोगों तक पहुंचकर सीएम ने सुनीं समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की. उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि हर व्यक्ति को न्याय दिलाया जाएगा. सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण का निर्देश देने के साथ मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है.
इलाज में मदद का दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी. उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए.
‘संवेदनशील व्यवहार अपनाते अधिकारी करें सहायता’
सीएम ने अफसरों से कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए. इसमें किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही अक्षम्य होगी. हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं. उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
इसे भी पढ़ें:-पंजाब में बनेंगे 7 नए मेडिकल कॉलेज, एमबीबीएस सीटों के लिए नहीं जाना पड़ेगा विदेश