Punjab: पंजाब सरकार राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने जा रही है. स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने बताया कि राज्य में सात नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं, जिससे मेडिकल सीटों में बड़ा इजाफा होगा और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए यूक्रेन, ईरान और चीन नहीं जाना पड़ेगा.
2028 तक पूरा होने का लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 20 मार्च से होशियारपुर में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की जा रही है. यहां 100 एमबीबीएस सीटों के साथ 300 बेड का अस्पताल भी बनाया जा रहा है. इस परियोजना का काम 19 मार्च 2028 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय इस प्रोजेक्ट का बजट 550 करोड़ रुपये तय किया गया था, लेकिन कई बार टेंडर फेल हो गए. अब इंजीनियरिंग रिपोर्ट के आधार पर लागत घटाकर करीब 274 करोड़ रुपये कर दी गई है.
स्पेस मैनेजमेंट और अन्य व्यवस्थाएं
डॉ. बलबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाकर 1900 कर दी गई है. इससे पहले राज्य में कुल 1600 सीटें थीं. सरकार ने स्पेस मैनेजमेंट और अन्य व्यवस्थाओं के जरिए 300 सीटों की वृद्धि की है, जिससे राज्य के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे.
मरीजों को पीजीआई जैसी सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अमृतसर, पटियाला और फरीदकोट में पोस्ट ग्रेजुएट स्पेशलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे, जहां मरीजों को पीजीआई) जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी. साथ ही मोहाली में मेडिकल छात्रों के लिए हॉस्टल बनाए जा रहे हैं और नए कॉलेज भी विकसित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए इन्वेस्टर समिट में कॉर्पोरेट अस्पतालों के साथ भी साझेदारी की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. लुधियाना में एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज भी बन रहा है.
सरकारी स्तर पर भी बनेंगे नए मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पंजाब में कुल सात नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने की योजना है. इनमें से कुछ कॉलेज सरकारी स्तर पर बनाए जाएंगे, जबकि कुछ को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह नगर और संगरूर में पीपीपी मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जिससे निजी और सरकारी क्षेत्र के सहयोग से बेहतर स्वास्थ्य ढांचा विकसित किया जा सके.
इसे भी पढ़ें:-डिवाइडर से टकराई बाइक, होली मनाने जा रहे दो युवकों की मौत