Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. जनसुनवाई के दौरान सीएम ने कहा कि घबराइए नहीं हर समस्या का समाधान कराएंगे. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए.
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 200 लोगों से मिले. सीएम कुर्सियों पर बैठे लोगों तक वह खुद गए और उनकी समस्याओं व शिकायतों को ध्यान से सुना.
जनता दर्शन के दौरान देवरिया से आए एक दिव्यांग ने इलाज के लिए सहायता देने का निवेदन किया. इस पर सीएम ने मौके पर ही अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया. दिव्यांग से बातचीत में पता चला कि उसका आयुष्मान कार्ड नहीं है, इस पर सीएम ने जल्द से जल्द आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए.
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और शीघ्रता से कराएं. उन्होंने हर पात्र व्यक्ति को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
इससे पहले सीएम ने प्रातःकाल गुरु गोरखनाथ और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया. फिर उन्होंने मंदिर की गोशाला में गोसेवा की. गोवंश को अपने हाथ से गुड़ खिलाकर उन पर स्नेह बरसाया. गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश के स्वास्थ्य एवं टीकाकरण की जानकारी ली. साथ ही देखभाल के जरूरी दिशानिर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:-धार्मिक आस्था से जुड़ी है तुलसी की पूजा, जानिए घर के आंगन में लगे तुलसी का महत्व